रायपुर। रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने नगर निगम जोन-9 कार्यालय पहुंचकर विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की। पट्टा वितरण के लिए पात्र हितग्राहियों की सूची में अपात्र लोगों के नाम शामिल होने की शिकायतों पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को पट्टा वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने और वास्तविक पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
दीपावली पर्व को देखते हुए विधायक ने क्षेत्र में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और सड़कों की स्थिति सुधारने पर जोर दिया। उन्होंने सभी कॉलोनियों, मोहल्लों और वार्डों में नालियों, सड़कों व गलियों की विशेष सफाई कराने तथा बंद स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू करवाने के निर्देश दिए। बारिश के दौरान खराब हुई सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने को भी कहा, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके।
’जीराफूल चावल से समृद्धि की नई राह, चांगरो के किसानों को मिलेगा बेहतर बाजार’
कचना स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना परिसर में सड़क और नाली निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विधायक ने नाराजगी जताई। निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखे जाने पर उन्होंने संबंधित निगम अधिकारियों को फटकार लगाई और आवश्यक सुधार के साथ गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने के निर्देश दिए। क्षेत्र में कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट बंद होने की जानकारी मिलने पर भी उन्होंने तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा।
विधायक ने रामकी कंपनी के प्रतिनिधियों को अनुबंध के अनुरूप घर-घर कचरा संग्रहण का कार्य व्यवस्थित तरीके से शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दीपावली से पहले नागरिक सुविधाओं में सुधार और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा। समीक्षा बैठक में जोन अध्यक्ष गोपेश साहू, एमआईसी सदस्य खेम कुमार सेन, पार्षद प्रभा विश्वकर्मा, सावित्री धीवर, देवदत्त द्विवेदी और मोहन साहू सहित अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव, कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
