केतन अग्रवाल हत्याकांड: पुलिस कस्टडी के दौरान सिया गोयल की आपत्तिजनक हरकत कैमरे में कैद, वीडियो वायरल

Follow Us

पुणे। चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में गिरफ्तार मुख्य आरोपी सिया गोयल एक बार फिर सुर्खियों में है। पुलिस पंचनामा के दौरान सिया गोयल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह मीडिया कैमरों की ओर कथित तौर पर आपत्तिजनक इशारा करती दिखाई दे रही है। वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई को पुलिस कस्टडी समाप्त होने से पहले पुणे ग्रामीण पुलिस सिया गोयल को साक्ष्य जुटाने के लिए बिबवेवाड़ी स्थित उसके घर लेकर पहुंची थी। यहां पुलिस ने घटना से जुड़े साक्ष्यों का पंचनामा किया और कई अहम सबूत जुटाए।

जांच पूरी होने के बाद जब पुलिस टीम सिया को वापस लेकर बाहर निकली, तब मीडिया कर्मी वहां मौजूद थे। इसी दौरान सिया ने कैमरों की ओर कथित रूप से आपत्तिजनक इशारा किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

इससे पहले पुलिस ने सिया की मौजूदगी में उसके घर की करीब दो घंटे तक तलाशी ली। इस दौरान घटना वाले दिन पहने गए कपड़े, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।

इस बीच, मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस अब सिया गोयल और सह-आरोपी चेतन चौधरी का पॉलीग्राफ (लाई डिटेक्टर) टेस्ट कराने की तैयारी कर रही है। सिया के वकील विपुल दुशिंग ने पुष्टि की है कि उनकी मुवक्किल ने इस वैज्ञानिक जांच के लिए लिखित सहमति दे दी है। कानून के अनुसार, आरोपी की सहमति के बिना पॉलीग्राफ टेस्ट नहीं कराया जा सकता। अब पुणे ग्रामीण पुलिस अदालत से अनुमति लेने की प्रक्रिया पूरी करेगी। न्यायालय से मंजूरी मिलने के बाद दोनों आरोपियों का पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जाएगा, ताकि मामले की जांच में आगे मदद मिल सके।