मुंबई। सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया स्टारर फिल्म ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ ने रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की है। फिल्म के शुरुआती प्रदर्शन से फिल्ममेकर करण जौहर भी प्रभावित नजर आए। उन्होंने सोशल मीडिया पर फिल्म की तारीफ करते हुए टीम को बधाई दी और मजाकिया अंदाज में पार्टी की मांग कर डाली। करण ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर फिल्म की एक क्लिप साझा करते हुए लिखा कि ‘द वन’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है और इसके बाद पूछा कि दोस्तों, पार्टी कहां है?
फिल्म ने पहले दिन 8.12 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि शनिवार को इसकी कमाई बढ़कर 11.41 करोड़ रुपये पहुंच गई। तीसरे दिन खबर लिखे जाने तक फिल्म ने 9.17 करोड़ रुपये जुटा लिए थे, जिससे शुरुआती कुल कलेक्शन 28.42 करोड़ रुपये हो गया। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक शनिवार को फिल्म की कमाई में 40.52 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज हुई और मास मार्केट तथा छोटे शहरों में इसे अच्छी प्रतिक्रिया मिली। फिल्म में सिद्धार्थ और तमन्ना के अलावा अनूप सोनी, श्वेता तिवारी, सुनील ग्रोवर और मनीष पाल नजर आते हैं। लोककथा, फैंटेसी, एडवेंचर, मिस्ट्री और ह्यूमर के मिश्रण वाली इस फिल्म का निर्देशन दीपक मिश्रा ने किया है। टीवीएफ के अरुणाभ कुमार और एकता कपूर भी इससे जुड़े हैं। फिल्म का निर्माण शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी ने किया है। यह फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

