एमसीबी/खड़गवां। खड़गवां विकासखंड के ग्राम पंचायत कदरेवा में शनिवार को करीब 25 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्यामबिहारी जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर मंत्री का ग्रामीणों ने स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने प्रस्तावित निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया और फावड़ा चलाकर कार्यों की शुरुआत की। लगातार बारिश के बावजूद कार्यक्रम में ग्रामीणों का उत्साह बना रहा। क्षेत्र में तीन बड़े पुलों का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिनमें करीब 5 करोड़, 3 करोड़ और 8 करोड़ रुपये की लागत वाले पुल शामिल हैं। इनके बनने से खासकर बरसात के दौरान नदी-नालों के बढ़े जलस्तर के कारण होने वाली आवागमन की परेशानी कम होने और गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा क्षेत्र में पांच गौरव पथ के निर्माण की भी शुरुआत की जाएगी। सड़क और गौरव पथ बनने से ग्रामीणों को बाजार, स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र सहित अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। मंत्री ने बताया कि इन सभी कार्यों को मिलाकर करीब 25 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन हुआ है। वहीं, लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो चुके एक पुल का लोकार्पण भी किया गया। लंबे समय से सड़क और पुल-पुलिया जैसी सुविधाओं की जरूरत महसूस कर रहे ग्रामीणों के लिए इन कार्यों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। बेहतर सड़क और पुलों से न केवल दैनिक आवागमन आसान होगा, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
