बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार में पीतल सामान के कारोबारी राजकुमार सराफ के घर और कारखाने पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आयकर विभाग (IT) की टीम ने देर रात संयुक्त कार्रवाई की। गौरव पथ स्थित उनके आवास और फैक्ट्री में अधिकारियों ने दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच शुरू की, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्थानीय पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कारोबारी के परिवार के कुछ सदस्य शराब कारोबार से भी जुड़े बताए जा रहे हैं। हालांकि, एजेंसियों की ओर से अब तक कार्रवाई के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
मौके से बाहर निकले अधिकारियों ने मीडिया से बातचीत करने से इनकार किया। फिलहाल जांच जारी है और टीम दस्तावेजों की पड़ताल में जुटी हुई है। स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई को कारोबारी परिवार की कथित कारोबारी गतिविधियों और वित्तीय लेन-देन से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, मनी लॉन्ड्रिंग या किसी अन्य मामले से संबंध को लेकर अभी तक ED या आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
