कोरबा में बिजली सब-स्टेशन पर धावा, सुरक्षा गार्ड को पीटकर लाखों की चोरी; 15-20 बदमाशों की तलाश जारी

Follow Us

कोरबा। जिले के एसईसीएल स्थित बलगी विद्युत सब-स्टेशन में शनिवार देर रात 15 से 20 बदमाशों के गिरोह ने हमला कर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड की बेरहमी से पिटाई कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

घायल सुरक्षा गार्ड संजय कुमार ने बताया कि वह रात करीब 11:10 बजे अकेले ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान लाठी, चाकू और लोहे की रॉड से लैस 15 से 20 बदमाश सब-स्टेशन परिसर में घुस आए और बिना किसी विवाद के उस पर हमला कर दिया। हमले में उसके सिर और हाथों में गंभीर चोटें आईं। किसी तरह साथियों को सूचना देने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

संजय कुमार ने बताया कि सब-स्टेशन में अक्सर उसे अकेले ही ड्यूटी करनी पड़ती है। पहले भी यहां चोरी के प्रयास हो चुके हैं। कुछ समय के लिए अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए थे, लेकिन बाद में उन्हें हटा लिया गया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था कमजोर हो गई।

इधर, बांकीमोंगरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।