रायपुर। छत्तीसगढ़ की चर्चित जग्गी हत्याकांड मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई होने जा रही है, जिस पर राजनीतिक और कानूनी हलकों की नजर टिकी हुई है। इस सुनवाई में पूर्व विधायक अमित जोगी की सजा और राहत दोनों को लेकर बड़ा फैसला सामने आ सकता है। सुप्रीम कोर्ट में अमित जोगी की दो याचिकाओं पर एक साथ सुनवाई प्रस्तावित है। पहली याचिका उस आदेश से जुड़ी है, जिसमें CBI को अपील दायर करने की अनुमति दी गई थी। दूसरी याचिका छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के उस फैसले को चुनौती देती है, जिसमें अमित जोगी को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।
आज की सुनवाई इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि इससे यह तय हो सकता है कि अमित जोगी को तत्काल राहत मिलेगी या उन्हें जेल में ही रहना पड़ेगा। अदालत का रुख आगे की कानूनी प्रक्रिया पर भी असर डाल सकता है। जग्गी हत्याकांड लंबे समय से प्रदेश की सबसे चर्चित कानूनी लड़ाइयों में शामिल रहा है। इस मामले में आए हर फैसले पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी देखने को मिलती रही है। अब सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से एक बार फिर इस केस पर सबकी नजरें टिक गई हैं। कानूनी विशेषज्ञों के मुताबिक, आज की कार्यवाही इस मामले की दिशा तय कर सकती है। फिलहाल सभी को सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार है, जो अमित जोगी के भविष्य के लिए निर्णायक साबित हो सकता है
