बिलासपुर। हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। एलायंस एयर ने अपना नया समर शेड्यूल जारी कर दिया है, जो 1 मई से लागू होगा। हालांकि दिल्ली के लिए उड़ानों की संख्या सप्ताह में 5 दिन से घटाकर 4 दिन कर दी गई है, लेकिन अन्य रूट्स पर सुविधाओं में कुछ विस्तार भी किया गया है। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति के अनुसार, नए शेड्यूल में प्रयागराज और कोलकाता के लिए सप्ताह में दो-दो दिन उड़ानें उपलब्ध रहेंगी। दिल्ली से बिलासपुर होते हुए अंबिकापुर जाने वाली उड़ानों के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहीं, बिलासपुर से प्रयागराज होते हुए दिल्ली जाने वाली फ्लाइट के समय में बदलाव किया गया है। रविवार को नई फ्लाइट फ्रीक्वेंसी जोड़ी गई है। यह फ्लाइट दिल्ली से दोपहर 2:45 बजे रवाना होकर 4:35 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। वहां से शाम 5:00 बजे उड़ान भरकर 6:20 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। इसके बाद बिलासपुर से शाम 6:45 बजे रवाना होकर रात 9:25 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इस नई व्यवस्था के साथ 3 मई से बिलासपुर एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की सुविधा भी शुरू हो जाएगी, जिससे यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी। नए शेड्यूल के अनुसार अब बिलासपुर से सप्ताह में 4 दिन दिल्ली, 2 दिन कोलकाता और 1 दिन प्रयागराज के लिए उड़ानें संचालित होंगी। इनमें दिल्ली के लिए एक दिन अंबिकापुर होते हुए, एक दिन प्रयागराज होते हुए और दो दिन सीधी उड़ान उपलब्ध रहेगी। इसी तरह कोलकाता के लिए भी एक दिन डायरेक्ट और एक दिन अंबिकापुर के रास्ते सेवा दी जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले एलायंस एयर अस्थायी रूप से 15-15 दिनों का शेड्यूल जारी कर रही थी, जिससे यात्रियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। अब स्थायी समर शेड्यूल जारी होने से स्थिति स्पष्ट हो गई है।
बिलासपुर–दिल्ली फ्लाइट शेड्यूल में बदलाव: अब हफ्ते में 4 दिन सेवा, नाइट लैंडिंग की सुविधा शुरू
