दुर्गम अबूझमाड़ में आईटीबीपी ने बीमार युवती को पहुंचाया अस्पताल

Follow Us

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ में नारायणपुर जिले के दुर्गम अबूझमाड़ क्षेत्र में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 29वीं वाहिनी के जवानों ने खराब मौसम और दुर्गम रास्तों के बीच एक बीमार युवती को सुरक्षित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओरछा पहुंचाया।

आईटीबीपी के अनुसार, अबूझमाड़ के कुमनार गांव की 17 वर्षीय युवती करू पिछले 12 दिनों से अत्यधिक मासिक रक्तस्राव से पीड़ित थी। इसकी सूचना 18 अगस्त को कुमनार स्थित आईटीबीपी की 29वीं वाहिनी की पोस्ट को मिली।इसके बाद निरीक्षक संतोष कुमार झा की पहल पर युवती का प्राथमिक चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। चिकित्सकीय परामर्श में उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओरछा ले जाने की सलाह दी गई।

इसके बाद सहायक उप निरीक्षक रसपाल सिंह के नेतृत्व में आठ जवानों और एक मेडिक्स की टीम गठित कर युवती को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई शुरू की गई। टीम ने कुमनार पोस्ट से करीब 500 मीटर तक पैदल रास्ता तय किया और इसके बाद युवती को मोटरसाइकिल से आगे ले जाया गया। पांच मोटरसाइकिलों के साथ निकली टीम कुमनार से दिवालूर पोस्ट पहुंची और वहां से बोटेर की ओर रवाना हुई।

बारिश के कारण फिसलन भरे कच्चे रास्तों, घने जंगलों, ऊबड़-खाबड़ मार्ग और जलभराव के बीच जवान युवती को लेकर आगे बढ़ते रहे। आईटीबीपी के मुताबिक, शाम करीब साढ़े पांच बजे टीम कुदमेल पोस्ट और अबूझमाड़ क्षेत्र के बीच स्थित नाले तक पहुंची। इसके बाद जहां से एंबुलेंस का आवागमन संभव था, वहां आईटीबीपी की एंबुलेंस के माध्यम से युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओरछा पहुंचाया गया।

बचाव अभियान के दौरान आईटीबीपी के मेडिक्स लगातार युवती की स्वास्थ्य स्थिति की निगरानी करते रहे। अस्पताल पहुंचने के बाद युवती को उपचार के लिए भर्ती कराया गया।

अबूझमाड़ क्षेत्र में बारिश के दौरान सड़क और परिवहन सुविधाएं प्रभावित होने के कारण कई गांवों तक चार पहिया वाहनों का पहुंचना मुश्किल हो जाता है।ऐसे में आईटीबीपी की इस कार्रवाई से युवती को समय पर उपचार मिल सका। युवती के परिजनों ने सहायता के लिए आईटीबीपी जवानों के प्रति आभार जताया