आलिया भट्ट की ट्रोलिंग के पीछे ‘पेड कैंपेन’ का हाथ? फिल्म क्रिटिक अनुपमा चोपड़ा का बड़ा दावा

Follow Us

मुंबई। कान्स फिल्म फेस्टिवल में बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट के लुक की जहां एक तरफ उनके फैंस ने जमकर तारीफ की, वहीं सोशल मीडिया पर उन्हें भारी ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा था। अब इस पूरे मामले पर मशहूर फिल्म क्रिटिक अनुपमा चोपड़ा ने एक चौंकाने वाला दावा किया है कि आलिया के खिलाफ हुई यह भद्दी ट्रोलिंग असल में पूरी तरह से नैचुरल नहीं थी, बल्कि इसके पीछे एक सुनियोजित और ‘पेड कैंपेन’ (पैसा देकर चलाया गया अभियान) होने का शक है। अनुपमा ने यह बड़ा खुलासा हाल ही में एक्टर शाहिद कपूर से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में बढ़ते दबाव और इनसिक्योरिटी पर बातचीत के दौरान किया।

अनुपमा चोपड़ा ने कान्स के दिनों को याद करते हुए बताया कि उन्होंने वहां सबसे पहले आलिया का इंटरव्यू लिया था, लेकिन उसके बाद के कुछ दिनों में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक्ट्रेस के खिलाफ बेहद भद्दी और नकारात्मक टिप्पणियां देखीं। हद तो तब हो गई जब कुछ यूजर्स ने यह दावा तक कर दिया कि रेड कार्पेट पर फोटोग्राफर्स ने आलिया को नजरअंदाज किया। अनुपमा ने आगे बताया कि हाल ही में फिल्म इंडस्ट्री के ही एक बेहद भरोसेमंद और अंदरूनी शख्स ने उन्हें बताया कि यह सारी नेगेटिविटी दरअसल आज के कलाकारों की इनसिक्योरिटी के चलते आलिया के खिलाफ जानबूझकर चलाया गया एक पेड कैंपेन था, जिसने खुद अनुपमा को भी हैरान कर दिया।

हालांकि, आलिया भट्ट ने इस पूरी ट्रोलिंग का बेहद समझदारी और मजेदार अंदाज में जवाब दिया था। कान्स से अपनी कस्टम आइवरी सिल्क साड़ी-गाउन लुक वाली रील पर एक यूजर के तंज “कितनी अफसोस की बात है, किसी ने आप पर ध्यान नहीं दिया” का जवाब देते हुए आलिया ने लिखा था, “अफसोस क्यों, डियर? आपने तो मुझे देखा :)”। इस विवाद के बीच पूरी फिल्म इंडस्ट्री आलिया के समर्थन में खड़ी नजर आई, जहां सोनू सूद, अमीषा पटेल, राहुल वैद्य और अली गोनी जैसे सितारों ने आलिया का बचाव करते हुए सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही इस नफरत की कड़े शब्दों में आलोचना की।