तेहरान/वॉशिंगटन। पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। संघर्षविराम को लेकर दोनों देशों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि यदि संघर्षविराम का उल्लंघन जारी रहा तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इधर, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए मिसाइल और ड्रोन से जवाबी हमला किया। ईरानी पक्ष का कहना है कि यह कार्रवाई हालिया अमेरिकी सैन्य हमलों के जवाब में की गई है।
IRGC के अनुसार, बहरीन और कुवैत सहित कई अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। वहीं, अमेरिका का आरोप है कि ईरान ने संघर्षविराम का उल्लंघन किया, जिसके बाद ईरानी सैन्य ठिकानों पर कार्रवाई की गई। ईरान ने अमेरिका पर समझौतों का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसी भी सैन्य कार्रवाई का “करारा जवाब” दिया जाएगा। IRGC ने चेतावनी दी कि यदि अमेरिका की ओर से कोई भी आक्रामक कदम उठाया गया, तो उसका जवाब और अधिक सख्ती से दिया जाएगा। दोनों देशों के दावों के बीच क्षेत्रीय तनाव लगातार बढ़ रहा है। फिलहाल दोनों पक्षों के दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और स्थिति पर दुनिया की नजर बनी हुई है।
