नई दिल्ली। देश में पेट्रोल-डीजल की किल्लत की खबरों के बीच सार्वजनिक क्षेत्र की सबसे बड़ी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) ने बड़ा बयान जारी किया है। आईओसी ने देशवासियों को आश्वस्त करते हुए साफ कहा है कि भारत में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार है और ईंधन की कोई भी ओवरऑल कमी नहीं है। कुछ पेट्रोल पंपों पर सप्लाई में जो थोड़ी-बहुत दिक्कतें आई हैं, वे पूरी तरह से ‘स्थानीय और अस्थायी’ हैं। कंपनी स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है और इन छिटपुट समस्याओं को जल्द ही दूर कर लिया जाएगा।
कंपनी के मुताबिक, कुछ सरकारी पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ने और आपूर्ति असंतुलित होने की मुख्य वजह डीजल की मौसमी मांग (फसल कटाई का सीजन) है। इसके अलावा, निजी तेल कंपनियों के पंपों पर ईंधन की कीमतें अधिक होने के कारण ग्राहकों और संस्थागत खरीदारों का रुख तेजी से सरकारी पंपों की तरफ हुआ है। आईओसी ने बताया कि उसके 42,000 से ज्यादा पेट्रोल पंपों के विशाल नेटवर्क में से महज कुछ आउटलेट्स पर ही आंशिक असर पड़ा है, बाकी जगह सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। हालांकि, वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और पश्चिम एशिया के तनाव के चलते हाल ही में पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा जरूर हुआ है, लेकिन देश में ईंधन की उपलब्धता को लेकर पैनिक करने की कोई जरूरत नहीं है।
