बलौदाबाजार। जिले के पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम देवासंद्र में किराना दुकान की आड़ में अवैध शराब बेचने वाले पिता-पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ग्रामीणों और सरपंच की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुकान से बड़ी मात्रा में शराब जब्त की।
जानकारी के अनुसार, पलारी पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम देवासंद्र निवासी सुरेश वर्मा और उसका पुत्र वेद वर्मा अपनी किराना दुकान में अवैध रूप से शराब का भंडारण कर बिक्री कर रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी परिवेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दुकान में दबिश दी।
तलाशी के दौरान दुकान के अंदर छिपाकर रखी गई 98 पाव अंग्रेजी शराब, 42 पाव देसी मसाला शराब और सिंबा ब्रांड की 5 बीयर बरामद की गई। जब्त शराब की कुल कीमत करीब 19 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दोनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
