नई दिल्ली। अगर आप महानगरों की भीड़, ट्रैफिक जाम और लगातार बजते हॉर्न से परेशान हो चुके हैं, तो मिजोरम की राजधानी आइजोल आपकी अगली छुट्टी के लिए बेहतरीन जगह हो सकती है। पहाड़ों के बीच बसा यह खूबसूरत शहर अपनी शांति, अनुशासन और प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। आइजोल को भारत की ‘साइलेंट सिटी’ कहा जाता है। इसकी वजह यहां का शांत माहौल नहीं, बल्कि लोगों का शानदार ट्रैफिक अनुशासन है।
यहां वाहन चालक बेवजह हॉर्न नहीं बजाते और जल्दबाजी में भी एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश नहीं करते। सड़क पर लोग अपनी लेन में चलते हैं और ट्रैफिक नियमों का पूरी ईमानदारी से पालन करते हैं। इस शहर की खास बात यह है कि यहां बिना ज्यादा ट्रैफिक सिग्नल के भी व्यवस्था सुचारु रूप से चलती है। सड़क पर बनी सफेद लाइन से टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर की लेन अलग की गई है, जिसका पालन लोग खुद करते हैं।
1132 मीटर की ऊंचाई पर स्थित आइजोल को ‘लैंड ऑफ हाइलैंडर्स’ भी कहा जाता है। यहां की पहाड़ियां, घाटियां और साफ वातावरण पर्यटकों को खास अनुभव देते हैं। घूमने के लिए सोलोमन मंदिर, मिजोरम स्टेट म्यूजियम, बारा बाजार और रीक गांव प्रमुख आकर्षण हैं। यहां पहुंचने के लिए लेंगपुई एयरपोर्ट सबसे आसान विकल्प है, जबकि रेल यात्रा के लिए सिल्चर तक पहुंचकर सड़क मार्ग से आइजोल जाया जा सकता है। अगर आप सुकून, प्रकृति और शांत माहौल वाली यात्रा चाहते हैं, तो आइजोल एक यादगार डेस्टिनेशन साबित हो सकता है।


