नाबालिगों को ब्लैकमेल कर जेवर-नकदी उगाही करने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार, 11 साल की बच्ची से चोरी करवाते थे सोना

Follow Us

रायपुर। गुढ़ियारी पुलिस ने नाबालिग बच्चों को डरा-धमकाकर और ब्लैकमेल कर सोने-चांदी के जेवरात व नगदी की उगाही करने वाले पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बच्चों को बहला-फुसलाकर घर से जेवर चोरी करने के लिए विवश करते थे।

प्रार्थिया सोनम साहू ने थाना गुढ़ियारी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह बड़ा अशोक नगर में रहती है, वहीं पास में वंदना साहू अपने पति के साथ रहती है। प्रार्थिया की 11 वर्षीय भांजी वंदना को जानती थी। भांजी ने प्रार्थिया के सोने के झुमके, सोने की चेन और 2 सितंबर 2026 को अपनी नानी का रानीहार वंदना को लाकर दे दिया। पूछने पर बच्ची ने बताया कि वंदना उसे किसी बात को लेकर डरा-धमका रही है और ब्लैकमेल कर रही है, इसलिए वह घर से जेवर और बीच-बीच में नगदी चोरी कर देती थी। इसमें वंदना का पति दीपक साहू भी शामिल है। रिपोर्ट पर थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 390/26 धारा 308(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए DCP नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप ने Addl. DCP आदित्य पांडेय, ACP उरला पूर्णिमा लामा और थाना प्रभारी गुढ़ियारी को जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने प्रार्थिया, बच्ची और परिजनों से पूछताछ कर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर रेड कर वंदना साहू (26) और दीपक साहू (29) निवासी प्रीतम नगर बड़ा अशोक नगर गुढ़ियारी को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया।

पुलिस ने उनके कब्जे से उगाही किए गए सोने के कान के टॉप्स और चेन जप्त किए हैं।