रायपुर। खम्हारडीह थाना क्षेत्र के खेल मैदान में ज्वेलर्स शॉप में डकैती की योजना बना रहे 5 आरोपियों को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने धरदबोचा है। आरोपियों के पास से धारदार हथियार, मोबाइल फोन और दो वाहन बरामद किए गए हैं। 6 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि खम्हारडीह क्षेत्र के खेल मैदान में कुछ लड़के दोपहिया और चारपहिया वाहनों में धारदार हथियार रखकर लूट-डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना पर DCP क्राइम एंड साइबर स्मृतिक राजनाला और DCP उत्तर दीपमाला कश्यप ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
संयुक्त टीम ने मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की तो आरोपी भागने लगे, जिन्हें पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम महेश धीवर (24), नितिन उर्फ सोनू बैस (24), खेमलाल सेन (27), लक्ष्मण साहू (25) और पीयूष कुमार साहू (19) सभी निवासी कचना, खम्हारडीह रायपुर बताया। कड़ाई से पूछताछ में उन्होंने कचना क्षेत्र के आसपास ज्वेलर्स शॉप में डकैती की योजना बनाना स्वीकार किया।
पुलिस ने उनके कब्जे से 2 बटनदार चाकू, 1 बड़ा स्टील चाकू, 2 कैंची, 1 स्टील पाइप, 4 मोबाइल फोन, होंडा बाइक क्रमांक CG 04 QT 4258 और टाटा एस वाहन क्रमांक CG 04 JD 9030 जप्त किया है। थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 348/26 धारा 310(4) BNS एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी लक्ष्मण साहू पहले आबकारी एक्ट और मारपीट में तथा खेमलाल सेन मारपीट के मामले में जेल जा चुके हैं।

