मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी इन दिनों कान्स फिल्म फेस्टिवल में अपने हुस्न और स्टाइल का जलवा बिखेर रही हैं। इसी बीच मंगलवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर ब्लैक वनपीस आउटफिट में अपनी कुछ खूबसूरत तस्वीरें शेयर कीं। इन तस्वीरों के साथ हुमा ने आज की ‘आधुनिक भारतीय महिला’ की पहचान को लेकर एक बेहद दिल छू लेने वाली बात कही है, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।
हुमा ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि एक आधुनिक भारतीय महिला होने का मतलब परफेक्ट होना नहीं है, बल्कि अपनी जड़ों और संस्कृति को छोड़े बिना अपनी मेहनत के दम पर आगे बढ़ना है। महिलाओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि हमें खुद को बदले बिना दुनिया में अपनी अलग पहचान बनानी चाहिए और मुश्किलों को अपनी ताकत बनाना चाहिए। जब आप किसी ऊंचे मुकाम पर पहुंचें, तो आपको यह पक्का विश्वास होना चाहिए कि आप वहां किस्मत के भरोसे नहीं, बल्कि अपनी कड़ी मेहनत की वजह से हैं।

वर्कफ्रंट की बात करें तो हुमा कुरैशी जल्द ही सुपरस्टार यश की बहुचर्चित पीरियड गैंगस्टर ड्रामा फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ में ‘एलिजाबेथ’ के एक बेहद रहस्यमयी और शाही किरदार में नजर आएंगी। गीतु मोहनदास के निर्देशन में बन रही यह फिल्म 1940 से 1970 के दशक के गोवा के ड्रग सिंडिकेट और सत्ता की लड़ाई पर आधारित है। फिल्म में यश और हुमा के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा और तारा सुतारिया भी मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगी।
