बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नवागांव (गिरजाबंद) में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। नशे में धुत एक युवक ने अपने 65 वर्षीय लकवाग्रस्त पिता की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी अपनी मां की हत्या करने के इरादे से बहन के घर भी पहुंच गया, लेकिन समय रहते पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक रिखी राम सूर्यवंशी (65) लंबे समय से पैरालिसिस से पीड़ित थे और बिस्तर पर ही रहते थे। उनका बेटा शिवचरण सूर्यवंशी नशे का आदी है और आए दिन अपने माता-पिता के साथ मारपीट व अभद्र व्यवहार करता था।
गुरुवार रात करीब 11 बजे आरोपी नशे की हालत में घर पहुंचा। बेटे के आक्रामक रवैये को देखते हुए रिखी राम ने अपनी पत्नी को पास में रहने वाली बेटी के घर भेज दिया। इसके बाद आरोपी ने अपने पिता पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि “पड़े-पड़े बड़बड़ाता रहता है” कहते हुए उसने डंडे से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पिता की हत्या के बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वह अपनी मां को मारने के इरादे से बहन के घर पहुंचा और दरवाजा तोड़ने की कोशिश करने लगा। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी शिवचरण सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
