मॉनसून सत्र से पहले NDA की रणनीति बैठक, राजनाथ सिंह के आवास पर मंथन; संसद में पेश होंगे 5 अहम विधेयक

Follow Us

नई दिल्ली। संसद के मॉनसून सत्र से पहले केंद्र सरकार ने अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने की कवायद तेज कर दी है। शुक्रवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कार्यालय में NDA नेताओं की अहम बैठक हुई, जिसमें सत्र के दौरान सरकार की रणनीति, विपक्ष के संभावित मुद्दों और संसद में पेश किए जाने वाले विधेयकों पर चर्चा की गई। बैठक सुबह करीब 11:30 बजे शुरू हुई और एक घंटे से ज्यादा समय तक चली। इसमें गृह मंत्री अमित शाह, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, जेडीयू नेता ललन सिंह, टीडीपी नेता राम मोहन नायडू समेत NDA के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

सरकार इस मॉनसून सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश करने की तैयारी में है। इनमें इनकम टैक्स (संशोधन) विधेयक, 2026, सुप्रीम कोर्ट (जजों की संख्या) संशोधन विधेयक, 2026, जन्म और मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026, राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक, 2026 और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) विकास संशोधन विधेयक, 2026 शामिल हैं।

इनमें से इनकम टैक्स और सुप्रीम कोर्ट से जुड़े विधेयक अध्यादेशों को बदलने के लिए लाए जाएंगे। इसके अलावा सरकार कुछ लंबित विधेयकों को भी आगे बढ़ाने की तैयारी में है। सत्र के दौरान विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 और विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक, 2025 पर भी आगे की कार्यवाही की जा सकती है। इनमें से एक विधेयक लोकसभा में पहले ही पेश किया जा चुका है, जबकि दूसरा संयुक्त समिति के पास भेजा गया था। माना जा रहा है कि सरकार इस सत्र में आर्थिक सुधार, न्यायिक व्यवस्था, शिक्षा और MSME क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर फोकस करेगी। वहीं विपक्ष भी विभिन्न राजनीतिक और जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। ऐसे में मॉनसून सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।