माननीय मुख्यमंत्री साय ने किया एएनएम नर्सिंग कौशल कॉलेज का लोकार्पण, जशपुर में नर्सिंग शिक्षा को मिली नई पहचान

Follow Us

जशपुर। छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार, 15 नवंबर को जशपुर के आरा में एएनएम नर्सिंग कौशल कॉलेज का लोकार्पण किया। वे लोकार्पण एवं कैपिंग समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस कॉलेज का संचालन छत्तीसगढ़ शासन के साथ गैर-लाभकारी संयुक्त उपक्रम प्रचेत फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है। कॉलेज का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं आदिवासी समुदायों की युवतियों को नर्सिंग शिक्षा और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना है।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “स्वास्थ्य ही धन है, और हम छत्तीसगढ़ को स्वस्थ रखना चाहते हैं। वर्ष 2000 में जब छत्तीसगढ़ राज्य बना, तब यहाँ केवल एक मेडिकल कॉलेज था; 25 वर्षों में यह संख्या बढ़कर 15 हो गई है। लेकिन नर्सों के बिना डॉक्टर भी अधूरे हैं, इसलिए हमें बहुत खुशी है कि यह पाठ्यक्रम शुरू हुआ है। नर्सिंग केवल नौकरी नहीं, बल्कि एक नेक काम है। ये बेटियाँ मेरे अपने जिले की हैं, इसलिए यह अवसर मेरे लिए विशेष है।”

मुख्यमंत्री ने पैनआईआईटी एलुमनाई फाउंडेशन से राज्य में नर्सिंग के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “हम सब मिलकर विकसित छत्तीसगढ़ बनाएँगे। इस राज्य में अपार संभावनाएँ हैं।”

प्रचेत फाउंडेशन के कार्यकारी निदेशक कल्याण टी. चक्रवर्ती ने कहा, “मुख्यमंत्री जी के विज़न से प्रेरित होकर, बिरसा मुंडा जयंती के पावन अवसर पर उनके गृह जिले में पहला एएनएम नर्सिंग कौशल कॉलेज शुरू हुआ है। इस आदिवासी बहुल राज्य के लिए यह पहला कदम है। आदिवासी राज्यों में काम करने के अपने अनुभव के आधार पर हमारा लक्ष्य पूरे छत्तीसगढ़ में विस्तार करना और बाज़ार की मांग के अनुसार विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) और पाक कला (कुलिनरी) जैसे अन्य व्यवसायों के कॉलेज भी शुरू करना है।”

प्रचेत फाउंडेशन का उद्देश्य संस्थागत व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और ग्रामीण उद्यमिता के माध्यम से अनुसूचित जनजाति एवं अन्य वंचित समुदायों के युवाओं और महिलाओं को सशक्त बनाना है। फाउंडेशन का लक्ष्य पूरे छत्तीसगढ़ में प्रति वर्ष 5,000 से 7,500 युवाओं को प्रशिक्षण देने की क्षमता विकसित करना है। वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए संविधान के अनुच्छेद 275(1) के अंतर्गत केंद्र सरकार की योजना से ₹25 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। यह राशि जशपुर, कोरबा, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और जगदलपुर में एएनएम नर्सिंग कौशल कॉलेजों की स्थापना एवं संचालन तथा इन जिलों में ग्रामीण उद्यमिता संबंधी पहलों के लिए है।

रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता केवल आर्थिक लक्ष्य नहीं, रणनीतिक जरूरत भी : राजनाथ सिंह

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की स्वीकृति से फाउंडेशन कुल आठ एएनएम नर्सिंग कौशल कॉलेज स्थापित करेगा, जिनमें दो वर्षीय पाठ्यक्रम होगा। पहले चरण में जशपुर, कोरबा, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और जगदलपुर के कॉलेज शैक्षणिक सत्र 2026–27 में शुरू होंगे, जबकि बलरामपुर, रायगढ़, राजनांदगांव और दंतेवाड़ा के कॉलेज 2027–28 में शुरू किए जाने प्रस्तावित हैं।

प्रत्येक कॉलेज में हर वर्ष आदिवासी एवं अन्य वंचित समुदायों की 120 छात्राओं को प्रवेश देने का लक्ष्य है। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाली छात्राओं को 100% प्लेसमेंट सहायता दी जाएगी, जिसके तहत उन्हें अपोलो ग्रुप, मेदांता ग्रुप, क्लाउडनाइन हॉस्पिटल्स और फर्नांडिस ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स सहित देश भर के प्रतिष्ठित स्वास्थ्य संस्थानों में रोज़गार के अवसर मिलेंगे। जशपुर कॉलेज के पहले बैच की अधिकांश छात्राएँ जशपुर जिले की ही हैं।

पैनआईआईटी एलुमनाई इंडिया के अध्यक्ष प्रभात कुमार ने कहा, “लोगों को ऐसे ही पाठ्यक्रमों की ज़रूरत है: उनके घर के पास गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, और वह भी बेहतरीन प्रशिक्षकों द्वारा। सुनिश्चित प्लेसमेंट इसका सबसे बड़ा लाभ है, क्योंकि केवल एक कॉलेज अपने दम पर अच्छे नियोक्ता नहीं ला सकता।”

कैपिंग समारोह प्रशिक्षु नर्सों के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा। नर्सिंग पेशे के मूल मूल्यों – सेवा, समर्पण, अनुशासन और करुणा – के प्रतीक इस समारोह में छात्राओं ने अपनी पेशेगत ज़िम्मेदारियों और स्वास्थ्य क्षेत्र में सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। ईवाई फाउंडेशन जशपुर कॉलेज की 120 छात्राओं के पहले बैच के प्रशिक्षण में सहयोग कर रहा है। फाउंडेशन ने इन छात्राओं के लिए योग्यता और आर्थिक आवश्यकता के आधार पर छात्रवृत्ति की भी घोषणा की है।

‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत कांग्रेस ने आयोजित की जनचौपाल

ईवाई फाउंडेशन इंडिया के प्रमुख सौरभ आनंद ने कहा, “भारत में ईवाई फाउंडेशन दो दशकों से अधिक समय से युवाओं की शिक्षा में सहयोग करता आ रहा है, और यह साझेदारी युवाओं को शिक्षा से रोज़गार तक पहुँचने में मदद करके उस यात्रा को आगे बढ़ाती है। हमें जशपुर के आरा में प्रचेत फाउंडेशन के पहले एएनएम नर्सिंग कौशल कॉलेज और उसकी युवतियों के पहले बैच को सहयोग देने पर गर्व है। इससे उनके लिए संगठित कार्यबल में प्रवेश करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर भविष्य बनाने के रास्ते खुलेंगे। सरकार और निजी क्षेत्र के मज़बूत सहयोग तथा मापने योग्य परिणामों के माध्यम से हमें आशा है कि यह कॉलेज एक प्रकाश स्तंभ बनेगा, जो कौशल और प्लेसमेंट आधारित ऐसे ही अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा और एक ऐसा टिकाऊ मॉडल प्रस्तुत करेगा जिसे अन्य राज्यों में भी अपनाया जा सके।”

जशपुर के आरा में एएनएम नर्सिंग कौशल कॉलेज का लोकार्पण क्षेत्र में नर्सिंग शिक्षा के विस्तार, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।