भारत की दवा इंडस्ट्री में ऐतिहासिक डील! सन फार्मा खरीदेगी अमेरिकी कंपनी ऑर्गेनॉन, बनेगी ग्लोबल फार्मा दिग्गज

Follow Us

नई दिल्ली। भारतीय दवा क्षेत्र की सबसे बड़ी कंपनी सन फार्मा ने एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए अमेरिकी कंपनी ऑर्गेनॉन को लगभग 1.10 लाख करोड़ रुपये में खरीदने का ऐलान किया है। यह अब तक की किसी भी भारतीय फार्मा कंपनी की सबसे बड़ी विदेशी डील मानी जा रही है। दोनों कंपनियों ने सोमवार को संयुक्त बयान जारी कर इस समझौते की पुष्टि की। डील के तहत सन फार्मा, ऑर्गेनॉन के सभी बकाया शेयर 14 डॉलर प्रति शेयर के हिसाब से नकद में खरीदेगी।

इस अधिग्रहण के बाद सन फार्मा की पहुंच 150 देशों तक बढ़ जाएगी और यह दुनिया की टॉप 25 फार्मा कंपनियों में शामिल हो जाएगी। कंपनी का लक्ष्य इस डील के बाद दुनिया की 7वीं सबसे बड़ी दवा कंपनी बनना है। ऑर्गेनॉन के साथ जुड़ने से सन फार्मा को 18 बड़े अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूत पकड़ मिलेगी, जहां से उसे महत्वपूर्ण राजस्व प्राप्त होगा। ऑर्गेनॉन, जिसकी स्थापना 2021 में मर्क एंड कंपनी से अलग होकर हुई थी, आज 140 देशों में सक्रिय है और इसके पास महिलाओं के स्वास्थ्य और जेनेरिक दवाओं का बड़ा पोर्टफोलियो है।

कंपनी में करीब 10,000 कर्मचारी काम करते हैं। वहीं, सन फार्मा का वैश्विक कारोबार पहले से ही 100 से अधिक देशों में फैला है और यह 2,000 से ज्यादा उत्पाद बनाती है। इस अधिग्रहण के बाद दोनों कंपनियों का संयुक्त राजस्व 1.16 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। यह डील 2027 तक पूरी होने की उम्मीद है, जिसके बाद वैश्विक फार्मा बाजार में भारत की स्थिति और मजबूत हो जाएगी।