रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि बिलासपुर सबसे गर्म जिला बनकर सामने आया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले पांच दिनों तक प्रदेश में भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने के आसार बेहद कम हैं। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर की रिपोर्ट के मुताबिक, बिलासपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 45°C दर्ज किया गया। इसके अलावा मुंगेली में 43.9°C, सक्ती में 43.8°C और बालोद व कबीरधाम में 43.5°C तापमान रिकॉर्ड हुआ। राजधानी रायपुर भी तपिश से बेहाल रही, जहां पारा 43.5°C तक पहुंच गया, जो सामान्य से अधिक है।
प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने दिन के समय लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है। मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीट वेव चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं रायपुर में अगले 24 घंटों के दौरान आसमान साफ रहने और तापमान 44°C तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, ज्यादा से ज्यादा पानी पीने और धूप में सावधानी बरतने की सलाह दी है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को खास सतर्क रहने को कहा गया है फिलहाल प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बेहद कमजोर बनी हुई हैं।
