कटघोरा। कोरबा–कटघोरा मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा उस समय हो गया, जब राखड़ (फ्लाई ऐश) से लदा एक ट्रक छुरी के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक तेज रफ्तार में था। चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रक सड़क किनारे पलट गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रक के पलटते ही सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। व्यस्त मार्ग होने के कारण कुछ ही मिनटों में दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालने में जुट गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटे हुए ट्रक को सड़क से हटवाया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल किया गया। जाम के दौरान सड़क के दोनों ओर करीब एक-एक किलोमीटर तक वाहनों की कतारें देखी गईं। इस घटना के कारण यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है।
