राष्ट्रीय पैरा तैराकी में जीपीएम के खिलाड़ियों का जलवा, छह पदक जीतकर बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान

Follow Us

रायपुर। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित 26वीं राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के दिव्यांग खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। जिले के तीन खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में दो स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य सहित कुल छह पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया। यह प्रतियोगिता 12 से 15 नवंबर 2026 तक आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर के पैरा तैराकों ने हिस्सा लिया।

छत्तीसगढ़ की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए रोहित कुमार, जन्तराम पनिका और मोहनी मरावी ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा दिखाई। रोहित कुमार ने सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किए। उन्होंने 50 मीटर बैक स्ट्रोक और 100 मीटर बैक स्ट्रोक स्पर्धाओं में शानदार समय दर्ज कर रिकॉर्ड भी बनाया। उनकी इस उपलब्धि से जिले को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।

वहीं, जन्तराम पनिका ने दो कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, जबकि मोहनी मरावी ने एक कांस्य पदक हासिल किया। तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है। सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की।

प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटे तीनों खिलाड़ियों ने कलेक्टर विजय दयाराम के. से मुलाकात की। कलेक्टर ने सभी को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास जारी रखने और आगे भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जिले तथा प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।