CBI के बाद अब CAG की जांच, MCD के विज्ञापन विभाग में 150 करोड़ की गड़बड़ी का शक

Follow Us

दिल्ली। नगर निगम (MCD) के विज्ञापन विभाग की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। CBI की छापेमारी और रिश्वतखोरी के आरोपों के बाद अब नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) ने विभाग का ऑडिट शुरू कर दिया है। इस जांच के जरिए वर्ष 2023 से 2026 के बीच विज्ञापन कारोबार में हुई कथित वित्तीय अनियमितताओं और निगम को हुए संभावित आर्थिक नुकसान का पता लगाया जाएगा। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस अवधि में MCD को 125 से 150 करोड़ रुपये तक का नुकसान होने की आशंका है। हालांकि, नुकसान की वास्तविक रकम ऑडिट पूरा होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

CAG की 4 से 5 अधिकारियों की टीम दिल्ली स्थित सिविक सेंटर की 25वीं मंजिल पर विज्ञापन विभाग के दस्तावेजों की जांच कर रही है। टीम विभाग की फाइलों, कंप्यूटर रिकॉर्ड, राजस्व संग्रह और वित्तीय लेनदेन से जुड़े आंकड़ों का मिलान कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि विज्ञापन लगाने के लाइसेंस, कंपनियों के साथ हुए समझौतों और राजस्व वसूली में कहीं नियमों की अनदेखी तो नहीं हुई। LG कार्यालय के निर्देश पर शुरू हुए इस ऑडिट का उद्देश्य अनियमितताओं के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका तय करना भी है।

विज्ञापन विभाग के राजस्व संग्रह में आई गिरावट भी जांच का अहम हिस्सा है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 17 नवंबर 2025 तक MCD ने 265.42 करोड़ रुपये की रिकवरी की थी, जबकि 17 नवंबर 2026 तक यह रकम घटकर 225.25 करोड़ रुपये रह गई। यानी एक साल के भीतर वसूली में 40.17 करोड़ रुपये की कमी दर्ज की गई। CAG की टीम यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि राजस्व में गिरावट की वजह क्या रही और इसके लिए विभागीय स्तर पर कौन जिम्मेदार है।

दरअसल, विज्ञापन विभाग में कथित भ्रष्टाचार का मामला 16 सितंबर 2026 को CBI की छापेमारी के बाद सामने आया था। आरोप है कि विभाग के अधिकारी अनिल कुमार उर्फ खत्री ने एक निजी यूनीपोल कंपनी के साथ मिलीभगत कर निगम को आर्थिक नुकसान पहुंचाया। बताया गया कि कंपनी का एग्रीमेंट समाप्त होने के बावजूद दिल्ली में यूनीपोल का संचालन जारी था, जबकि इसके लिए हर महीने करीब 33 लाख रुपये लाइसेंस फीस देनी थी। आरोप है कि कंपनी के डायरेक्टर ने संचालन जारी रखने के बदले अधिकारी को 15 लाख रुपये की रिश्वत दी थी। CBI ने इस मामले में अधिकारी और कंपनी के डायरेक्टर को गिरफ्तार किया था। संबंधित कंपनी पर MCD का करीब 10 करोड़ रुपये बकाया होने की बात भी सामने आई थी। अब CAG ऑडिट से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि विज्ञापन कारोबार में कितनी वित्तीय अनियमितताएं हुईं और निगम को हुए नुकसान के लिए कौन जिम्मेदार है।