भोपाल। कॉमनवेल्थ गेम्स में देश और मध्य प्रदेश का परचम लहराने वाले खिलाड़ियों के लिए डॉ. मोहन यादव सरकार ने अपना खजाना खोल दिया है। राज्य सरकार ने कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ियों को 25-25 लाख रुपये की नकद सम्मान राशि और सरकारी नौकरी देने का बड़ा ऐलान किया है।
प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री ने विजेताओं की सराहना करते हुए कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत और मध्य प्रदेश के एथलीट्स का दबदबा कायम है। जूडो स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतकर देश को गौरवान्वित करने वाली यामिनी मौर्य और वेटलिफ्टिंग में देश की झोली में सिल्वर मेडल डालने वाले अजय बाबू पर पूरे प्रदेश को गर्व है।
इन दोनों होनहार प्रतिभाओं को 25-25 लाख रुपये का पुरस्कार और सरकारी नौकरी देकर सम्मानित किया जाएगा। खेल मंत्री ने उम्मीद जताई कि आने वाले मुकाबलों में राज्य के कई और खिलाड़ी देश के लिए मेडल जीतकर लाएंगे। सरकार के इस प्रोत्साहन से प्रदेश के युवा एथलीट्स का हौसला और बुलंद हुआ है।

