सोना खरीदने वालों को लगा बड़ा झटका! आज रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचे दाम, जानें चांदी में कितनी आई गिरावट

Follow Us

देशभर के सर्राफा बाजारों में सोने की कीमतों में लगातार आग लगी हुई है। 15 मई की सुबह देश के अधिकांश बड़े शहरों में सोने के दाम में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसने आम खरीदारों की जेब पर बोझ बढ़ा दिया है। सरकार द्वारा हाल ही में सोने और चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी 6 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी करने के बाद उम्मीद थी कि कीमतें स्थिर होंगी, लेकिन भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर 95.73 पर पहुंचने के कारण सोने के रेट आसमान छू रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी स्पॉट गोल्ड मजबूत होकर $4,704.30 प्रति औंस पर ट्रेंड कर रहा है।

आज देश की राजधानी दिल्ली में 24-कैरेट सोने की कीमत 1,62,270 रुपये और 22-कैरेट की कीमत 1,48,960 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई है। वहीं आर्थिक राजधानी मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु में 24-कैरेट सोना 1,62,340 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। चेन्नई में सोने के दाम सबसे ज्यादा हैं, जहां 24-कैरेट का रेट 1,64,190 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। दूसरी तरफ, आभूषण प्रेमियों के लिए चांदी की कीमतों से थोड़ी राहत भरी खबर आई है। आज चांदी के भाव में गिरावट देखी गई और यह गिरकर 2,99,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई है। वैश्विक बाजार में स्पॉट चांदी फिलहाल $87.04 प्रति औंस पर कारोबार कर रही है। सर्राफा विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक अस्थिरता के चलते आने वाले दिनों में सोने की कीमतों में और तेजी देखी जा सकती है।