कान्स। कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 के रेड कार्पेट पर जहाँ दुनिया भर की हसीनाएं वेस्टर्न और ड्रामेटिक गाउन्स में जलवे बिखेर रही हैं, वहीं पंजाबी एक्ट्रेस रूपी गिल ने विशुद्ध देसी अंदाज में एंट्री मारकर हर किसी को हैरान कर दिया। अपनी आगामी फिल्म ‘चर्डिकला’ (रिलीज़ 29 मई) के प्रमोशन के लिए कान्स पहुँचीं रूपी का यह लुक सोशल मीडिया पर “भारत का सबसे खूबसूरत प्रतिनिधित्व” बनकर वायरल हो रहा है।

रूपी गिल ने रेड कार्पेट के लिए कोई पारंपरिक गाउन नहीं, बल्कि ‘पीतांबरा बाय मनीषा’ ब्रांड का कस्टम आइवरी (हाथीदांत रंग) पारंपरिक पंजाबी आउटफिट चुना। इसमें कढ़ाई वाली कुर्ती के साथ धोती-स्टाइल पायजामा और बेहद खूबसूरत लेयर्ड डुअल दुपट्टा शामिल था। इस लुक को खास बनाती है इसकी बारीकियां; कुर्ती की आस्तीन पर गुरुमुखी में “चढ़िकाला” लिखा था, जो उनकी फिल्म और पंजाब के हौसले को दर्शाता है। वहीं, एक दुपट्टे पर गेहूं की बालियों की कढ़ाई थी, जो पंजाब की समृद्ध किसानी संस्कृति को ट्रिब्यूट थी।

इस शानदार परिधान को 40 कारीगरों ने 15 दिनों की कड़ी मेहनत से तैयार किया है। दिलचस्प बात यह है कि इसी डिज़ाइनर और ‘गोलेचा ज्वेल्स’ ने पिछले साल दिलजीत दोसांझ का ऐतिहासिक मेट गाला लुक भी तैयार किया था। रूपी ने अपने इस लुक को कुंदन-पन्ना के शानदार हार, हाथफूल, कड़े और देसी जूती के साथ पूरा किया। कम से कम मेकअप और सादगी से बंधे बालों में रूपी गिल का यह ‘शाही देसी लुक’ इंटरनेशनल मंच पर पंजाब की मिट्टी की महक बिखेर गया, जिसने नेटिज़न्स का दिल जीत लिया है।

