नई दिल्ली। कीमती धातुओं के बाजार में इस सप्ताह बड़ा बदलाव देखने को मिला है। सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई, जिससे जहां निवेशक सतर्क हो गए हैं, वहीं खरीदारी करने वालों के लिए यह एक बेहतर मौका माना जा रहा है।
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोने के भाव में करीब 3,000 रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी आई है। कीमत गिरकर लगभग 1.43 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गई। वहीं, 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने के दामों में भी गिरावट दर्ज की गई। चांदी की कीमतों में भी बड़ी नरमी देखने को मिली। एक सप्ताह में चांदी करीब 13,000 रुपये से ज्यादा सस्ती होकर 2.20 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास पहुंच गई।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव, वैश्विक तनाव और निवेशकों की बदलती रणनीति का असर कीमती धातुओं पर पड़ा है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के साथ वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं ने भी बाजार की चाल को प्रभावित किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि, आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतें अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और बाजार की मांग के आधार पर ऊपर-नीचे हो सकती हैं। फिलहाल गिरती कीमतों ने ग्राहकों को खरीदारी का आकर्षक अवसर दिया है।
