कॉलेज छात्र को लिफ्ट देना पड़ा भारी, दो बदमाशों ने मारपीट कर बाइक, मोबाइल और नकदी लूटी; दोनों गिरफ्तार

Follow Us

बिलासपुर। कॉलेज जा रहे एक छात्र को रास्ते में अज्ञात युवक को लिफ्ट देना महंगा पड़ गया। लिफ्ट लेने वाले युवक ने सुनसान इलाके में अपने साथी को भी बाइक पर बैठा लिया और दोनों ने मिलकर छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, ईयरबड्स और नकदी लूट ली। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सरकंडा पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया सामान बरामद कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, 27 जुलाई 2026 को मुंगेली नाका निवासी सूरज कुमार श्याम (18) अपने मित्र योगेश कुमार की होंडा शाइन (CG 16 CU 2410) से कॉलेज जा रहा था। डीएलएस कॉलेज रोड स्थित अशोक नगर चौक के पास एक युवक ने उससे लिफ्ट मांगी। छात्र ने बाइक रोकी तो युवक पीछे बैठ गया। कुछ दूर जाने के बाद उसने मुरूम खदान के पास अपने साथी चेतन पाल को भी बाइक पर बैठा लिया।

इसके बाद शिव मंदिर के पास दोनों आरोपियों ने छात्र के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ, मुक्कों, लातों तथा पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में छात्र के सिर पर गंभीर चोट आई। मारपीट के बाद आरोपी छात्र का रेडमी मोबाइल फोन, बोट कंपनी के ईयरबड्स, ₹200 नकद और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब ₹9 हजार बताई गई है।

पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर प्रिंस राज उर्फ जानू (29) निवासी यदुनंदन नगर, तिफरा और चेतन पाल (25) निवासी अशोक नगर, सरकंडा को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और ईयरबड्स बरामद कर जब्त कर लिए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।