धमतरी । जिले के कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम अटंग में जहरीले सांप के डसने से 13 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि बच्चा रात में घर के अंदर बिस्तर पर सो रहा था, इसी दौरान कॉमन करैत सांप ने उसे दो बार डस लिया। जानकारी के अनुसार, ग्राम अटंग निवासी गिरिराज सिंह रात में अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान बिस्तर के पास पहुंचे करैत सांप ने पहले उसके कान पर डसा। इसके बाद सांप ने उसके हाथ पर भी डस लिया। सांप के डसने के बाद बच्चे की तबीयत बिगडऩे लगी।
परिजनों ने सांप को मार दिया
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने मौके पर ही सांप को मार दिया। इसके बाद बिना समय गंवाए बच्चे को इलाज के लिए जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया और बच्चे को बचाने के प्रयास किए।
इलाज के दौरान दम तोड़ा
तमाम प्रयासों के बावजूद गिरिराज की हालत में सुधार नहीं हुआ और इलाज के दौरान उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। आवश्यक प्रक्रिया और पोस्टमार्टम के बाद बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिवार में गम का माहौल है।
कॉमन करैत को अत्यधिक विषैला सांप माना जाता है और यह अक्सर रात में सक्रिय रहता है। ग्रामीण इलाकों में बिस्तर पर सोते समय सांप के काटने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। घटना ने एक बार फिर बारिश के मौसम में घरों में सांपों से बचाव को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।
