एसीबी की बड़ी कार्रवाई, सुकमा में एरियर भुगतान के एवज में रिश्वत लेते बीईओ गिरफ्तार

Follow Us

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कोंटा के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बीईओ पर शिक्षकों की एरियर्स राशि तैयार करने के एवज में पैसे मांगने का आरोप है। इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने उसका सत्यापन किया और बीईओ को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

तय योजना के तहत टीम ने कोंटा स्थित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कार्रवाई करते हुए बीईओ को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।कार्रवाई के बाद खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में हड़कंप मच गया। एसीबी की टीम कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों, वित्तीय अभिलेखों और मामले से संबंधित अन्य कागजात की जांच कर रही है। रिश्वतखोरी के प्रकरण से जुड़े आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

बताया गया है कि शिक्षकों से एरियर्स भुगतान की राशि तैयार करने के नाम पर पैसे मांगे जाने की शिकायत एसीबी को मिली थी। शिकायत की जांच के बाद टीम ने रिश्वत की मांग से संबंधित तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की। फिलहाल एसीबी की कार्रवाई जारी है। मामले में अधिकारी के खिलाफ आगे की कार्रवाई तथा जांच से संबंधित अन्य विवरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्पष्ट होने की संभावना है।