पेरिस। फ्रांस और इजरायल के बीच राजनयिक तनाव चरम पर पहुंच गया है। फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरो ने घोषणा की है कि इजरायल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-गवीर के फ्रांस में प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है। बैरो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर कहा कि यह कड़ा फैसला बेन-गवीर की उन “अस्वीकार्य हरकतों” के कारण लिया गया है, जो उन्होंने गाजा जा रहे मानवीय सहायता दल (ग्लोबल सुमुद फ्लोटिला) में शामिल फ्रांसीसी और यूरोपीय नागरिकों के साथ की थीं।
विवाद तब शुरू हुआ जब अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में इजरायली नौसेना ने गाजा जा रहे जहाजों को रोक लिया और उसमें सवार 428 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इसके बाद मंत्री बेन-गवीर ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें विदेशी कार्यकर्ताओं को हथकड़ी लगाकर घुटनों के बल जमीन पर बैठाया गया था और पृष्ठभूमि में तेज आवाज में इजरायल का राष्ट्रगान बज रहा था।
फ्रांस के विदेश मंत्री ने इस व्यवहार की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि किसी भी सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा फ्रांसीसी नागरिकों को डराना या उनके साथ हिंसा करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फ्रांस ने यूरोपीय संघ (EU) से भी बेन-गवीर पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। गौरतलब है कि इस सहायता दल में दक्षिण कोरिया और अमेरिका के नागरिक भी शामिल थे, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।
