आम की आड़ में गांजे की तस्करी: जशपुर पुलिस ने बीच रास्ते में दबोचा 1.03 करोड़ का नशीला जखीरा

Follow Us

जशपुर। छत्तीसगढ़ की जशपुर पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 1.3 करोड़ रुपये से अधिक का गांजा जब्त किया है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए आम के कैरेट के नीचे गांजे की खेप छिपाई थी, लेकिन ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत मुस्तैद टीम ने इस साजिश को नाकाम कर दिया। यह पूरी कार्रवाई कांसाबेल थाना अंतर्गत दोकड़ा चौकी क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

मुखबिर की सूचना पर 12 मई को देवरी गांव के पास नाकेबंदी की गई थी। पुलिस को देख तस्कर ने भागने की कोशिश की, लेकिन बगिया-दोकड़ा मार्ग पर उसे दबोच लिया गया। वाहन की तलाशी लेने पर आम के ट्रे के बीच टेप से लिपटे हुए 207 पैकेट मिले, जिनमें कुल 207 किलो गांजा भरा था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 1 करोड़ 3 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपी प्रेम नाथ सिंह बगीचा क्षेत्र का निवासी है, जिसने पूछताछ में कुबूल किया कि, वह यह खेप ओडिशा के सुंदरगढ़ से अंबिकापुर ले जा रहा था, जहां से इसे उत्तर प्रदेश सप्लाई किया जाना था।

डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस इस साल नशे के खिलाफ बेहद आक्रामक रही है। जनवरी 2026 से अब तक पुलिस 3.24 करोड़ रुपये से अधिक का नशीला पदार्थ जब्त कर चुकी है, जिसमें 7 क्विंटल से ज्यादा गांजा और प्रतिबंधित कफ सिरप शामिल हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क के ‘एंड टू एंड’ लिंक खंगाल रही है ताकि मुख्य सरगनाओं तक पहुंचा जा सके। फिलहाल आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है और तस्करी में प्रयुक्त पिकअप व मोबाइल भी जब्त कर लिए गए हैं।