महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल में सोमवार तड़के सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई। यहां बंद चार विचाराधीन कैदी जेल से भागने में सफल रहे। घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बंदियों ने जेल की दीवार पर लगे बिजली के तारों का कनेक्शन काटा और कंबलों को आपस में जोड़कर रस्सी तैयार की। इसी के सहारे उन्होंने दीवार पार कर ली। घटना का पता चलते ही जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
फरार हुए बंदियों में दो मध्यप्रदेश के जबलपुर, एक राजस्थान और एक महासमुंद जिले का निवासी बताया गया है। चारों अलग-अलग आपराधिक मामलों में विचाराधीन बंदी के तौर पर जेल में रखे गए थे। इनमें तीन पर गांजा तस्करी और एक पर चोरी का आरोप है। बताया जा रहा है कि सभी ने मिलकर जेल से निकलने की योजना बनाई और तड़के उसे अंजाम दिया।
इस दौरान पांचवें बंदी ने भी दीवार पार करने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे गिर गया और बाहर निकलने में नाकाम रहा। वहीं बाकी चार बंदी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिसर में तैनात कर्मचारियों को इसकी जानकारी समय रहते क्यों नहीं मिली, इसकी पड़ताल की जा रही है।
घटना के बाद पुलिस और जेल प्रशासन ने फरार बंदियों की तलाश तेज कर दी है। संभावित ठिकानों पर उनकी खोजबीन की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बंदियों ने बिजली का कनेक्शन किस तरह काटा और सुरक्षा घेरे को पार करने में उन्हें किन परिस्थितियों का फायदा मिला। फिलहाल चारों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
