‘रामायण’ का पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज, ए.आर. रहमान के संगीत पर अरिजीत-श्रेया ने दी आवाज

Follow Us

मुंबई। गणेश चतुर्थी के खास मौके पर फिल्म ‘रामायण’ के मेकर्स ने दर्शकों को बड़ा तोहफा दिया है। फिल्म का पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज कर दिया गया है और सामने आते ही इसे लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई। गाने में ए.आर. रहमान का संगीत, अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल की आवाज और डॉ. कुमार विश्वास के लिखे बोल सुनने को मिल रहे हैं। भक्ति और सिनेमाई भावनाओं को साथ लेकर तैयार किए गए इस गीत में भगवान राम के जीवन के कई महत्वपूर्ण प्रसंगों की झलक दिखाई गई है।

गाने में श्रीराम और माता सीता के विवाह से लेकर भरत के साथ उनके भावुक मिलन तक के प्रसंगों को प्रस्तुत किया गया है। गीत के बोल भगवान राम की करुणा, सुरक्षा और धर्म के प्रति समर्पण को दर्शाते हैं। ए.आर. रहमान के अनुसार, गाने को तैयार करते समय कोशिश रही कि श्रीराम के नाम पर आधारित प्रार्थना की सरलता और आत्मीयता बरकरार रहे, साथ ही इसे बड़े पर्दे के अनुरूप सिनेमाई रूप दिया जाए। अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने कुमार विश्वास के शब्दों को अपनी भावपूर्ण आवाज में पेश किया है।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज, डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के सहयोग से किया जा रहा है। ‘रामायण पार्ट वन’ को 2026 की दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है।