मुंबई। भारतीय क्रिकेट के दिग्गज कप्तान सौरव गांगुली की जिंदगी पर बनने वाली फिल्म ‘दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी’ का पहला पोस्टर रिलीज हो गया है। पूर्व कप्तान के 54वें जन्मदिन के मौके पर अभिनेता राजकुमार राव ने फिल्म का फर्स्ट लुक शेयर कर फैंस को खास तोहफा दिया।
पोस्टर में राजकुमार राव सौरव गांगुली के चर्चित लॉर्ड्स सेलिब्रेशन को दोहराते नजर आ रहे हैं। भारतीय तिरंगे के साथ उनका यह अंदाज 2002 की नेटवेस्ट ट्रॉफी जीत की याद दिलाता है, जब गांगुली ने लॉर्ड्स की बालकनी में शर्ट लहराकर ऐतिहासिक जश्न मनाया था। फिल्म अगले साल 14 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पोस्टर की टैगलाइन ‘उन्होंने सिर्फ गेम नहीं खेला, उन्होंने इसे बदल दिया’ गांगुली के क्रिकेट सफर और योगदान को दर्शाती है।
इस बायोपिक का निर्देशन विक्रमादित्य मोटवानी कर रहे हैं, जबकि निर्माण लव फिल्म्स के बैनर तले लव रंजन और अंकुर गर्ग कर रहे हैं। फिल्म में राजकुमार राव सौरव गांगुली की भूमिका निभाएंगे और तान्या मानिकतला उनकी पत्नी डोना गांगुली के किरदार में नजर आएंगी। कप्तान के रूप में गांगुली ने भारतीय क्रिकेट को नई पहचान दी और टीम इंडिया को कई ऐतिहासिक उपलब्धियां दिलाईं। अब उनकी प्रेरणादायक कहानी बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी।
