नूंह में आग का तांडव! भूसा राख, भैंस की मौत, खड़ी अर्टिगा कार भी जलकर खाक

Follow Us

नूंह। हरियाणा के नूंह जिले के केराका गांव में रविवार को अचानक लगी आग ने भारी तबाही मचा दी। तेज हवा और सूखे भूसे के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया, जिससे सैकड़ों क्विंटल भूसा जलकर राख हो गया। इस हादसे में एक भैंस की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पास में खड़ी एक अर्टिगा कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पीड़ित साबिर पुत्र मुबीन के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे पड़ोस के प्लॉट में बने छप्पर में अचानक आग भड़क उठी। शुरुआत में ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें तेजी से फैलती चली गईं। आग की चपेट में आसपास रखा भूसा, लकड़ियां और अन्य सामान भी आ गया।

घटना के समय छप्पर में दो भैंस बंधी हुई थीं। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक भैंस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दूसरी को नहीं बचाया जा सका। वहीं, पास में खड़ी एक अर्टिगा कार भी आग की चपेट में आ गई, जिससे उसका अगला हिस्सा पूरी तरह जल गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा। ग्रामीणों का आरोप है कि डायल 112 पर समय पर संपर्क नहीं हो पाया। फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हैं, लेकिन शॉर्ट सर्किट या लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।