एनएच-53 लाखागढ़ के पास दो ट्रकों में भड़की आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

Follow Us

पिथौरा। महासमुंद जिले में एनएच-53 पर लाखागढ़ के नजदीक शनिवार रात दो ट्रक आग की चपेट में आ गए। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दोनों वाहन पूरी तरह जल गए। हादसे के दौरान एक ट्रक का चालक समय रहते वाहन से बाहर कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। घटना पिथौरा थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, चावल से भरा एक ट्रक खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पिथौरा से सरायपाली की ओर जा रहा दूसरा ट्रक वहां पहुंचा। इस वाहन में दोना-पत्तल और राशन का सामान लदा था। बताया जा रहा है कि खराब ट्रक के पास पहुंचते ही चलते वाहन के इंजन से अचानक आग निकलने लगी। कुछ ही पलों में आग ने तेज रूप ले लिया और पास में खड़े चावल लदे ट्रक तक भी पहुंच गई।

दोनों वाहनों में आग फैलने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने के लिए महासमुंद, बागबाहरा तथा सरायपाली से दमकल वाहन बुलाए गए। दमकल कर्मचारियों ने मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। फिलहाल आग लगने की असली वजह सामने नहीं आई है। पिथौरा पुलिस घटना की जांच कर रही है।