खैरागढ़। अमलीपारा वार्ड स्थित ‘हमर क्लिनिक’ भवन में सोमवार देर रात लगी आग ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लाखों रुपये की लागत से बना यह स्वास्थ्य केंद्र अब तक शुरू नहीं हो पाया था, और सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि, भवन में बिजली कनेक्शन भी चालू नहीं था। ऐसे में आग लगने की घटना को लेकर रहस्य गहराता जा रहा है। जानकारी के अनुसार, क्लिनिक भवन का उपयोग फिलहाल स्टोर रूम के रूप में किया जा रहा था, जहां राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) से जुड़े दस्तावेज रखे गए थे। आग में कई जरूरी कागजात जलकर नष्ट हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा के मुताबिक भवन में बिजली कनेक्शन नहीं था, इसलिए शॉर्ट सर्किट की संभावना से इनकार किया जा रहा है। इसी वजह से आग लगने के कारणों को लेकर संदेह और गहरा गया है। स्थानीय लोग भी इसे सामान्य हादसा मानने के बजाय संभावित साजिश या लापरवाही से जोड़कर देख रहे हैं। घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि, अगर क्लिनिक समय पर शुरू हो जाता, तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों और दस्तावेजों के नुकसान की जांच कर रही है। इस रहस्यमयी आग ने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी बहस छेड़ दी है।
