मुंबई। दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के छह साल बाद उनके चर्चित मामले पर आधारित फिल्म ‘सॉरी बाबू’ की घोषणा कर दी गई है। फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है और फैंस के बीच इसे लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। फिल्म का निर्देशन दीपक भगवत कर रहे हैं। मेकर्स का दावा है कि फिल्म कई ऐसे सवाल उठाएगी, जिन पर वर्षों से बहस होती रही है। पोस्टर के साथ साझा किए गए संदेश में कहा गया है कि “सच जल्द ही सामने आएगा”, जिसने दर्शकों की जिज्ञासा और बढ़ा दी है।
फिल्म का शीर्षक ‘सॉरी बाबू’ भी चर्चा का विषय बना हुआ है। यह नाम उस कथित घटना से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें अभिनेता की मौत के बाद यह वाक्यांश सुर्खियों में आया था। फिल्म में सुजीत सिंह राठौर मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। हालांकि, मेकर्स ने अभी फिल्म की रिलीज डेट या शूटिंग शेड्यूल की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। लेकिन पोस्टर रिलीज के साथ ही फिल्म ने एक बार फिर सुशांत सिंह राजपूत मामले को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
