FIFA World Cup 2026: केप वर्डे ने अर्जेंटीना को दी कड़ी टक्कर, एक्स्ट्रा टाइम में 3-2 से जीतकर राउंड ऑफ-16 में पहुंची मेसी की टीम

Follow Us

अटलांटा। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ-32 में डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना को पहली बार विश्व कप खेल रही केप वर्डे के खिलाफ जीत के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। रोमांचक मुकाबले में अर्जेंटीना ने एक्स्ट्रा टाइम में 3-2 से जीत दर्ज कर राउंड ऑफ-16 में जगह बनाई। अब अंतिम-16 में अर्जेंटीना का सामना मिस्र से होगा।

मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने 29वें मिनट में शानदार गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि, केप वर्डे ने 59वें मिनट में डेरोए डुआर्टे के गोल की बदौलत स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया, जिसके बाद मुकाबला एक्स्ट्रा टाइम तक पहुंच गया। एक्स्ट्रा टाइम के 103वें मिनट में लिसांद्रो मार्टिनेज ने अर्जेंटीना को 2-1 की बढ़त दिलाई, लेकिन केप वर्डे ने सिडनी लोपेस कैब्राल के गोल से फिर वापसी करते हुए स्कोर 2-2 कर दिया।

मैच का निर्णायक पल 111वें मिनट में आया, जब अर्जेंटीना के डिफेंडर क्रिस्टियन रोमेरो के दबाव में केप वर्डे के डिने बोर्गेस से ओन गोल हो गया। इसी गोल की बदौलत अर्जेंटीना ने 3-2 से मुकाबला अपने नाम कर लिया और उलटफेर से बचते हुए अगले दौर में प्रवेश किया। इस जीत के साथ मेसी ने टूर्नामेंट में अपना सातवां गोल किया। वहीं, फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में उनका यह 20वां गोल रहा। गोल्डन बूट की दौड़ में मेसी अब किलियन एम्बाप्पे से एक गोल आगे निकल गए हैं। लगातार आठ विश्व कप मैचों में गोल करने के दौरान मेसी अब तक 12 गोल दाग चुके हैं।