सुकमा। कुम्हरास में रविवार रात शराब के नशे को लेकर पिता-पुत्र के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि विवाद के दौरान पिता वेट्टी हड़मा ने टांगिया से अपने बेटे वेट्टी लक्ष्मण पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से लक्ष्मण की मौत हो गई। घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, लक्ष्मण घर के पास बैठा था।
इसी दौरान जंगल से लकड़ी काटकर लौटे उसके पिता से शराब के नशे को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। विवाद बढऩे पर पिता ने कथित तौर पर टांगिया से हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद की वजह और घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
