रायपुर रेल मंडल के स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा हेतु प्लेटफॉर्म शेल्टरों की सुविधा में वृद्धी

Follow Us

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का रायपुर रेल मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए आधारभूत यात्री सुविधाओं का निरंतर विस्तार कर रहा है। इसी क्रम में मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को धूप, वर्षा एवं अन्य प्रतिकूल मौसम संबंधी परिस्थितियों से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से प्लेटफॉर्म शेल्टरों का निर्माण एवं विस्तार लगातार किया जा रहा है। प्लेटफॉर्म शेल्टर यात्रियों को ट्रेन की प्रतीक्षा के दौरान सुरक्षित एवं आरामदायक वातावरण उपलब्ध कराते हैं।

इन शेल्टरों के निर्माण से प्लेटफॉर्म पर प्रतीक्षारत यात्रियों को प्रतिकूल मौसम से भी राहत मिलेगी तथा उनकी यात्रा अधिक सुविधाजनक एवं सुखद बनेगी। रायपुर रेल मंडल में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत अब तक 89 नए प्लेटफॉर्म शेल्टरों का निर्माण किया गया है। इनमें भिलाई नगर स्टेशन पर 11, भिलाई पावर हाउस स्टेशन पर 17, सरोना स्टेशन पर 7, निपनिया स्टेशन पर 6, हथबंद स्टेशन पर 6, बिल्हा स्टेशन पर 4, मरौदा स्टेशन पर 2, मंदिर हसौद स्टेशन पर 12, बालोद स्टेशन पर 4, दल्लीराजहरा स्टेशन पर 4, भाटापारा स्टेशन पर 8 तथा तिल्दा-नेवरा स्टेशन पर 8 नए प्लेटफॉर्म शेल्टर निर्मित किए गए हैं।

इसके अतिरिक्त, रायपुर रेल मंडल के उन स्टेशनों पर भी, जो अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत शामिल नहीं हैं, यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफॉर्म शेल्टरों का निर्माण लगातार कराया जा रहा है। इस क्रम में देवबलोदा-चरौदा स्टेशन पर 3 प्लेटफॉर्म शेल्टरों का निर्माण किया गया है। वहीं भैंसबोड़ स्टेशन पर 1, सलाईटोला स्टेशन पर 2, रिसामा स्टेशन पर 2, गुंडरदेही स्टेशन पर 2, लाटाबोर स्टेशन पर 2, लखौली स्टेशन पर 1 तथा राजिम स्टेशन पर 1 नए प्लेटफॉर्म शेल्टर का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

रायपुर रेल मंडल द्वारा यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के अंतर्गत आवश्यकता एवं यात्री आवागमन को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्टेशनों पर नए प्लेटफॉर्म शेल्टरों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। विशेष रूप से उन स्टेशनों पर यह कार्य तेजी से किया जा रहा है जहाँ यात्री संख्या अधिक है तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकास कार्य प्रगति पर हैं। रायपुर रेल मंडल यात्रियों की आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं आधुनिकीकरण के लिए निरंतर कार्यरत है। भविष्य में भी यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं विश्वस्तरीय सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न विकासात्मक एवं जनहितकारी परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित किया जाता रहेगा। ताकि यात्रियों की यात्रा मंगलमय हो।