कवर्धा। शहर के दर्रीपारा स्थित स्टेट बैंक के पास दिनदहाड़े एक बुजुर्ग से साढ़े तीन लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है। बैंक से नकदी निकालकर घर लौट रहे बुजुर्ग के हाथ से एक युवक रुपयों से भरा बैग छीनकर भाग निकला। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता से आरोपी ज्यादा दूर नहीं भाग सका और उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग अपने निजी कार्य के लिए बैंक से 3 लाख 50 हजार रुपये निकालकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपी ने उनके हाथ से नकदी से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार होने लगा। बुजुर्ग के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया।
गुस्साए लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वारदात में उसका कोई अन्य साथी शामिल था या नहीं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
