नई दिल्ली। दुनिया में कई खूबसूरत जगहें हैं जो अपनी खासियतों के कारण लोगों को आकर्षित करती हैं, लेकिन स्कॉटलैंड का बारा एयरपोर्ट अपनी अनोखी व्यवस्था के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है। यहां विमान किसी पक्के रनवे पर नहीं, बल्कि समुद्र के किनारे बने रेतीले बीच पर लैंड करते हैं।
स्कॉटलैंड के बारा आइलैंड पर स्थित यह एयरपोर्ट दुनिया का एकमात्र ऐसा कमर्शियल एयरपोर्ट है, जहां समुद्र तट को ही रनवे की तरह इस्तेमाल किया जाता है। यहां विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ ज्वार-भाटा के समय के अनुसार तय होती है। हाई टाइड के दौरान पूरा रनवे पानी में डूब जाता है, इसलिए उड़ानों का संचालन लो टाइड के समय किया जाता है।
इस एयरपोर्ट की एक और खास बात यह है कि जब विमान नहीं चलते, तब यही बीच आम लोगों के घूमने के लिए खुला रहता है। रनवे की पहचान के लिए समुद्र किनारे लकड़ी के खंभे लगाए गए हैं। बारा आइलैंड सिर्फ एयरपोर्ट के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए भी प्रसिद्ध है। यहां किसिमुल कैसल, हीवल पहाड़ी और खूबसूरत समुद्री नजारे पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। वाइल्डलाइफ और शांत वातावरण पसंद करने वालों के लिए यह जगह किसी जन्नत से कम नहीं है।
