रतनपुर में शराब के नशे में विवाद बना खूनी, युवक की ईंट से सिर कुचलकर हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

रतनपुर। बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के अकलतरी गांव में शराब पीने के दौरान शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोपियों ने 30 वर्षीय इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव की हंसिया, चाकू और ईंट से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय के अनुसार, शनिवार रात इंद्रप्रकाश अपने दोस्त विशाल कश्यप के साथ लखराम में शराब पीकर लौट रहा था। घर के पास
अमित सोनवानी और सुधीर सोनवानी ने उन्हें रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी, जिससे विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोपियों ने विशाल पर धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया। विशाल किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला।

इसके बाद दोनों आरोपी इंद्रप्रकाश के घर पहुंचे। जान बचाने के लिए इंद्रप्रकाश छत पर चढ़ गया, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए और हंसिया, चाकू तथा दीवार की ईंट से उसके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण इंद्रप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी रतनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने एक ढाबे में भोजन किया। बाद में वे थाने भी पहुंच गए। इसी बीच ग्रामीणों ने पुलिस को हत्या की सूचना दे दी, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।