संडे ऑन साइकिल’ में दिखा फिटनेस का जोश, मनसुख मांडविया ने दिया स्वस्थ भारत का संदेश

Follow Us

नई दिल्ली। देश में फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ अभियान में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने हिस्सा लिया। उन्होंने साइकिल चलाकर लोगों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ रहने का संदेश दिया। रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। यह ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान का 82वां संस्करण था। मांडविया ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास ही आगे चलकर बड़े बदलाव की नींव रखते हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि साइकिल चलाना न सिर्फ शरीर को फिट रखता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद करता है।

उन्होंने लोगों से हर रविवार साइकिलिंग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने साइकिलिंग के फायदे बताते हुए कहा कि इससे स्वास्थ्य बेहतर होता है, प्रदूषण कम होता है, ईंधन की बचत होती है और व्यक्ति सक्रिय जीवनशैली अपना सकता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। मांडविया के मुताबिक, देशभर में 15 हजार से ज्यादा स्थानों पर इस अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए। फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल अभियान का उद्देश्य बढ़ते मोटापे की चुनौती से निपटना और लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करना है।