शराब के नशे में पति ने पत्नी की हत्या, पुलिस जांच में जुटी

Follow Us

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत देवनगर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां शराब के नशे में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, आरोपी पति संतलाल और उसकी पत्नी चिंतामनी के बीच बीती रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि, दोनों ने शराब का सेवन किया था, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और आरोपी ने गुस्से में आकर पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और परिजनों व पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला घरेलू विवाद और शराब के नशे में हुई मारपीट से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और स्थानीय लोगों में आक्रोश और दुख का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।