धर्मांतरित व्यक्ति के शव दफनाने को लेकर कांकेर में विवाद, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

Follow Us

कांकेर। जिले में धर्मांतरित व्यक्ति के शव दफनाने को लेकर विवाद एक बार फिर सामने आया है। हाटकोंगेरा गांव के बाद अब ढेकुना गांव के ग्रामीणों ने शव दफन किए जाने का विरोध शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शव को हटाकर ईसाई समुदाय के कब्रिस्तान में दफनाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, हाटकोंगेरा, ढेकुना और नारा गांव की सीमाएं आपस में जुड़ी हुई हैं। हाल ही में हाटकोंगेरा के एक धर्मांतरित व्यक्ति की मृत्यु के बाद परिजनों ने गांवों की साझा सीमा के पास उसका शव दफनाया था। इसके बाद से आसपास के गांवों में इस मुद्दे को लेकर विरोध और बैठकों का दौर जारी है।

इससे पहले हाटकोंगेरा गांव में भी शव दफनाने को लेकर विवाद हुआ था। ग्रामीणों ने सरपंच पर दफन की अनुमति देने का आरोप लगाया था और उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए आवेदन भी दिया गया था। हालांकि बाद में स्थिति कुछ हद तक शांत हुई थी। अब ढेकुना गांव के ग्रामीणों ने कांकेर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। ग्रामीणों का कहना है कि शव को गांव की सीमा से हटाकर ईसाई समुदाय के निर्धारित कब्रिस्तान में दफन किया जाए।

मामले को लेकर ढेकुना गांव में ग्रामीणों की बैठक भी हुई। सरपंच ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर विवाद का समाधान निकालने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। कांकेर जिले में हाल के दिनों में धर्मांतरित व्यक्तियों के शव दफनाने को लेकर कई स्थानों पर विवाद सामने आए हैं। लगातार बढ़ रहे इन मामलों ने प्रशासन के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है।